नागौर। राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव परिणामों के बीच परबतसर नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 का नतीजा खासा चर्चा में है। यहां भाजपा के प्रत्याशी कैलाशचन्द को महज एक वोट मिला। दिलचस्प बात यह रही कि इसी वार्ड में NOTA को भी एक वोट मिला। यानी भाजपा प्रत्याशी और नोटा के बीच वोटों की संख्या बराबर रही।
वार्ड 13 में कांग्रेस प्रत्याशी हिना खानम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 376 वोट हासिल किए और जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी रसीद खां को 195 वोट मिले। इस तरह हिना खानम ने निर्दलीय प्रत्याशी को 181 वोटों के अंतर से पराजित किया।
सबसे ज्यादा चर्चा भाजपा प्रत्याशी कैलाशचन्द के खाते में आए एक वोट को लेकर है। चुनावी नतीजा सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी चर्चा का विषय बन गया कि आखिर भाजपा प्रत्याशी को अपने ही वार्ड में सिर्फ एक मत ही क्यों मिला। स्थिति इसलिए भी असामान्य मानी जा रही है क्योंकि आमतौर पर प्रत्याशी को परिवार, रिश्तेदारों और करीबी समर्थकों के वोट मिलने की उम्मीद रहती है।
कांग्रेस प्रत्याशी की एकतरफा जीत
वार्ड 13 में कांग्रेस प्रत्याशी हिना खानम ने शुरुआत से ही मजबूत स्थिति बनाई और अंतिम परिणाम में भी इसका असर दिखाई दिया। 376 वोट के साथ उन्होंने स्पष्ट बढ़त हासिल की, जबकि निर्दलीय रसीद खां 195 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे।
वहीं भाजपा प्रत्याशी का खाता केवल एक वोट पर सिमट गया। NOTA को भी एक वोट मिलने से यह परिणाम और ज्यादा चर्चा में आ गया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी एवं नगरपालिका एसडीएम ने हिना खानम को वार्ड संख्या 13 से निर्वाचित घोषित किया। कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी को मिले एक वोट ने स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं को जरूर गर्म कर दिया।



