राममय हो जाएगा अजमेर, अयोध्या जैसा होगा उल्लास

100 अरब हस्तलिखित श्रीरामनाम परिक्रमा महोत्सव
अजमेर। अयोध्या में श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा जैसा उल्लास अजमेर में भी देखने को मिलेगा। राम से बडा राम का नाम को चरितार्थ करते हुए 100 अरब हस्तलिखित श्रीराम नाम महामंत्रों की परिक्रमा करने का सौभाग्य अजमेरवासियों को लगातार 9 दिन तक मिलेगा।

राम मय माहौल के बीच इस अनूठे और धार्मिक परिक्रमा महोत्सव का आयोजन आजाद पार्क में बनाई गई अयोध्या नगरी में रविवार से दोपहर से होगा। सुबह 11.30 बजे उदघाटन सत्र में परम श्रद्धेय जगत गुरु श्रीजी महाराज पीठाधीश्वर निम्बार्कपीठ, परम पूज्य गुरूदेव महामंडलेश्वर प्रज्ञा पीठाधीश्वर स्वामी प्रज्ञानन्द गिरि महाराज, श्री शक्तिपीठ जयपुर से साध्वी समदर्शी का सान्निध्य रहेगा।

उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत होंगे। अध्यक्षता नगर निगम महापौर ब्रजलता हाडा करेंगी। विशिष्ठ अतिथि सांसद भागीरथ चौधरी, विधायक अनिता भदेल, पूर्व सांसद ओंकार सिंह लखावत होंगे।

आयोजन कमेटी के संयोजक कंवलप्रकाश किशनानी ने बताया कि इस मौके पर संत समागम में नृसिंह मन्दिर होलीदड़ा के महंत श्याम सुन्दर शरण देवाचार्य, श्री शान्तानन्द उदासीन आश्रम पुष्कर महंत हनुमानराम, नाथ जी की बगीची महंत गोवर्धनदास महाराज, चित्रकूट धाम पुष्कर के संत पाठक महाराज, ईश्वर मनोहर उदासीन आश्रम महंत स्वरूपादास, नौसर माता मंदिर महंत रामा कृष्ण महाराज, लाड़ली घर से राष्ट्रीय संत कृष्णानंद, रामगंज स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के महंत शशिगिरी महाराज मौजूद रहेंगे।

श्रीराम महामंत्रों के पूजन से होगा श्रीगणेश

सबसे पहले विधि विधान से श्रीराम महामंत्रों का पूजन और आरती होगी। इसके बाद परिक्रमा आरंभ संत महात्मा और आगंतुक अतिथि करेंगे। परिक्रमा आरंभ होने के बाद संतों के आशीर्वचन का लाभ मिलेगा। दोपहर 3 बजे से श्री रामानुज संकीर्तन मंडल की ओर से सुन्दरकाण्ड पाठ की प्रस्तुति रहेगी। शाम 6 बजे महाआरती होगी। शाम 6.30 बजे से रामोत्सव में सुरताल म्युजिकल ग्रुप की ओर से राम अर्चना प्रस्तुति होगा।

सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक परिक्रमा

सोमवार से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक रामभक्त परिक्रमा का लाभ ले सकेंगे। दोपहर 2 बजे से शहर की विभिन्न मंडलियों की ओर से सुंदरकांड पाठ रहेगा। शाम 6 बजे महाआरती होगी। रामोत्सव का आनंद 6.30 बजे से प्राप्त होगा, इसमें हर दिन भक्तिभाव से ओतप्रोत कार्यक्रम होंगे।

22 को अयोध्या से लाइव प्रसारण की सुविधा

अयोध्या में श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी को दिन में एलईडी पर अयोध्या से लाईव श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम राम भक्त देख सकेंगे। शाम 6 बजे से 8 बजे तक मसानिया भैरवधाम राजगढ के उपासक चंपालालजी महाराज का पावन सान्निध्य मिलेगा। मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी होंगे। अध्यक्षता नगर निगम महापौर ब्रजलता हाड़ा करेंगी। संत-महात्मा व अतिथियों के सान्निध्य में रामोत्सव के बाद परिक्रमा का विश्राम होगा।

प्रतिदिन शंखनाद से होगा परिक्रमा आरंभ

उमेश गर्ग ने बताया कि महोत्सव के दौरान परिक्रमा प्रतिदिन शंखनाद से आरंभ होगी। जो भक्त शंखनाद करना चाहे उन्हें शंख स्वयं लाना होगा। इसी तरह सुंदरकांड प्रस्तुति के बाद 10 मिनट तक लगातार मंजीरे बजाए जाएंगे। श्रीराम राज्य की परिकल्पना करने वाली अजमेर की समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रतिदिन सम्मानित किया जाएगा। समाजों की ओर से लाए जाने वाले झंडे़ अयोध्या नगरी में नियत स्थान पर स्थापित किए जाने की सुविधा रहेगी। परिक्रमा व धार्मिक कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण विभिन्न सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर दिखाया जाएगा। धर्मप्रेमियों के लिए चाय व पानी की निशुल्क व्यवस्था रहेगी।

210 फीट लंबा और 84 फीट ऊंचा डोम

सत्यानारायण भंसाली ने बताया कि आजाद पार्क में बनाई गई अयोध्या नगरी में 84 फीट चौडा और 84 फीट ऊंचा परिक्रमा स्थल बनाया गया है। समूचा विशाल वाटर प्रुफ डोम 210 फिट लंबा तथा 84 फिट ऊंचाई लिए हुए है। इसमें 100 अरब राम नाम महामंत्रों को परिक्रमा के निमित्त विराजित किया गया है। इसी परिसर में विशाल मंच तथा 1000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है ताकि भक्तजन प्रतिदिन प्रवचन, सुंदरकांड व अन्य आयोजनों का आनंद ले सकें।

हर तरफ भगवा ही भगवा

राम राज्य की परिकल्पना से सुसज्ज्ति अयोध्या नगरी में डोम के बाहर का नजारा भी राममय रहेगा। भगवा रंग इसकी विशिष्टता रहेगी। प्रवेश द्वार तथा समूचे परिसर को संस्कार भारती के सहयोग से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। विभिन्न प्रकार की रंगोली, देवी देवताओं की मूर्तियां, रामदरबार से सजी झांकी अयोध्या नगरी की विशेषता है।

ये संभालेंगे महोत्सव का जिम्मा

परिक्रमा महोत्सव समिति के पदाधिकारी व सदस्य उमेश गर्ग, सत्यनारायण भंसाली, शशि प्रकाश इंदोरिया, समन्वयक समिति डॉ. प्रियशील हाड़ा, लेखराज सिंह राठौड़, डॉ. विष्णु चौधरी, सम्पत सांखला, शिवरत्न वैष्णव, दुर्गाप्रसाद शर्मा, मुकेश खींची, रामधनवानी, दीपक राठौड़, विजय सिंह मौर्य, महेन्द्र जैन मित्तल, महेन्द्र कुमार तीर्थाणी, शिवशंकर फतेहपुरिया, अशोक टांक, भारती श्रीवास्तव, ललित शर्मा, अभिलाषा यादव शामिल है। मार्गदर्शक मण्डल में खाजूलाल लाल चौहान, पूरन सिंह चौहान, सुनील दत्त जैन, कालीचरण खंडेलवाल, आनंद प्रकाश अरोड़ा, बाबूसिंह पंवार, राम सिंह चौहान, एस.एन. पांडे हैं।

राम नाम परिक्रमा महोत्सव की सहयोगी

श्री मानव मंगल सेवा न्यास अजमेर, केशव माधव परमार्थ मंडल, सेवा भारती, लॉयन्स क्लब, भारत विकास परिषद, तुलसी जयंती समारोह समिति, दुर्गा वाहिनी, सांई बाबा मंदिर, समस्त श्री मानस मंडल, सिंधी समाज महासमिति सहयोग मुकेश डीडवानिया, नितिन शर्मा, सुमित खण्डेलवाल, कमल मूंदडा, अशोक पंसारी रहेंगे।