देश में कृष्ण के नाम पर राजनीति की तैयारी, सिरोही में अंधेरे में घिरे रहा कृष्ण मंदिर

1
सिरोही के रामझरोखा के कृष्ण मंदिर में गर्भ गृह के बाहर पसरा अंधेरा।

सबगुरु न्यूज-सिरोही। उत्तर प्रदेश में चुनावी वैतरणी पार करने के लिए फिर मंदिर का सहारा लिया जा रहा है। अब वहां कृष्ण मंदिर को लेकर राजनीति की जाएगी। लेकिन, धर्म आधारित इसी राजनीति के आधार पर सिरोही में भी सत्ता पाने वाले नेताओं के राज में कृष्ण को अंधेरे में रहना पड रहा है। रामझरोखा मंदिर की भूमि के बाद अब वहां पर बिजली के बिल को लेकर आफत आन पडी है।

सुबह-सुबह सिरोही के व्हाट्स एप समूह में रामझरोखा में नियमित दर्शन करने वाले अधिवक्ता प्रकाश माली ने मंदिर में भगवान कृष्ण की अंधेरे में पूजा करते दर्शनार्थी की फोटो के साथ एक पोस्ट डाली कि रामझरोखा मंदिर का विद्युत कनेक्शन कटा। इससे वहां पर अंधेरा है।

– आखिर कहां गए इतने पैसे!

ये संदेश वायरल होने के बाद फिर से रामझरोखा प्रकरण में आदर्श शिक्षा समिति की लीज और जमीन के कथित बेचान से आए पैसों की चर्चा चल पडी। रामझरोखा सिरोही का प्रमुख मंदिर है। इसकी व्यवस्था संचालन के लिए एक नियंत्रण और सलाहकार समिति बनी हुई है। हाल में ही इसकी जमीन का एक हिस्सा आरएसएस के प्रकल्प विद्या भारती को 99 साल की लीज पर देने और इससे सटी करीब हजारों वर्गफीट जमीन को महंत द्वारा बेचने का मामला सामने आया था।

ये सब काम भाजपा शासन में हुआ था ऐसे में स्थानीय लोगों ने नगर परिषद चुनावों में भाजपा का सूपडा साफ कर दिया था। इसके जो एग्रीमेंट सामने आए हैं उसके अनुसार लीज के करीब सत्तर लाख रुपये और जमीन के पट्टे बनाकर उसके प्लाॅट के करीब एक करोड से ज्यादा राशि आई थी। अब बिजली का बिल नहीं भर पाने से कनेक्शन कटने की बात सामने आने से ये सवाल उठ रहा है कि ये पैसा गया कहां पर?

– सिर्फ मंदिर और संत निवास का इतना बिल कैसे?

सूत्रों के अनुसार मंदिर का विद्युत बिल करीब पचास हजार बकाया है। इस वजह से ये कटौति की गई बताई जा रही है। रामझरोखा मंदिर से जुडा सिर्फ मंदिर का भवन और बरामदा है। इसके अलावा संत निवास और पुजारी आवास है। इसका इतना बिल आना आश्चर्यजनक है। अब ये बिल सिर्फ एक महीने का है या पिछले कई महीनों का ये भी जांच का विषय है।

सिर्फ गर्भगृह और संत निवास का इतना बिल आना मुश्किल है। तो अब जांच का विषय ये भी है कि मंदिर में चल रहे विद्यालय और इससे जुडी दुकानों के लिए अलग कनेक्शन है या कोई सबमीटर लगा हुआ है। नहीं लगा है तो फिर सवाल ये उठता है कि इनके बिलों का भुगतान भी मंदिर के दान के धन से किया जा रहा है क्या? और यदि दुकानदार और विद्यालय खुद अलग से बिल भर रहे है तो अकेले मंदिर का इतना बड़ा बिल कैसे आ गया?