भवानीखेड़ा गांव में जयगुरुदेव आश्रम ने रैली निकाल मुक्ति दिवस महोत्सव मनाया

नसीराबाद/बाघसूरी। नसीराबाद के समीपवर्ती भवानीखेड़ा गांव स्थित जयगुरुदेव आश्रम पर गुरुवार को आश्रम के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सोनी के सान्निध्य में मुक्ति दिवस महोत्सव आस्थापूर्वक मनाया गया।

जयगुरुदेव आश्रम मथुरा से आए प्रवक्ता देवेंद्र सिंह यादव ने अमृतवाणी प्रवचन करते हुए महापुरुषों के संत्संग, वचनों, भजन कीर्तन, सदाचार- शाकाहार अपनाने, अच्छे समाज का निर्माण कराने में अपने भागीदारी निभाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें दूसरों की निंदा आलोचना नहीं करनी चाहिए यह परमार्थ की कमाई को खत्म कर देती है।

आत्मा की बैठक हमारी आंखों के मध्य भाग में है। आंखों के नीचे को भौतिकवाद तथा ऊपर आध्यात्मिकवाद शुरू होता है। भौतिकवाद का आशय जिसका नाश हो जाता है। आध्यात्मिक वाद का आशय जिसका कभी भी नाश न हो। इन दोनों के बीच माया बहुत बड़ा बाजार है। माया का आशय ऋद्धियों- सिद्धियों के भंडार से है। जो तप करते हैं उनको माया तरह- तरह की ऋद्धियों व सिद्धियों को प्रलोभन देकर साधना में गिरा देती है।

माया लोक में बिना सत्गुरु के कोई नहीं बच सकता है। इस दौरान जयगुरुदेव आश्रम जयकारों से गूंज उठा। इससे पूर्व आश्रम में उमड़े सेवादारों की ओर कस्बे में सदाचारी शाकाहारी रैली निकाली गई। ग्रामीणों ने रैली का पुष्प वर्षा कर जगह जगह स्वागत किया।

जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सोनी व सेवादारों ने मथुरा से आए प्रवक्ता देवेंद्र सिंह यादव का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर बंशीलाल सोनी, ताराचंद जांगिड़, शंकर लाल प्रजापत, फूलसिंह,ईश्वर सिंह रावत, विजय कुमार सोनी, मिनाक्षी सोनी, तारादेवी, विनोद कुमार सोनी आदि मौजूद थे।