अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने यात्रियों की सुविधा से जुड़े एक महत्वपूर्ण बदलाव के तहत चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर आरक्षण काउंटरों के संचालन समय में परिवर्तन करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था 16 अक्टूबर से लागू होगी। इसके बाद इन स्टेशनों पर रात 10 बजे तक संचालित होने वाले आरक्षण काउंटर रात 8 बजे तक ही खुले रहेंगे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर सिटी और आबूरोड रेलवे स्टेशनों पर वर्तमान में रात्रि 10 बजे तक संचालित होने वाले एक-एक यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटर के समय में बदलाव किया जा रहा है। निर्धारित तिथि से इन काउंटरों पर आरक्षण संबंधी कार्य रात 8 बजे तक ही किया जा सकेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट आरक्षण कराने या अन्य संबंधित कार्यों के लिए स्टेशन पहुंचने से पहले संशोधित समय का ध्यान रखें, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की असुविधा न हो। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना और आरक्षण संबंधी आवश्यकताओं के अनुसार समय रहते काउंटर पर पहुंचे। विशेष रूप से शाम के समय आरक्षण कराने वाले यात्रियों को इस बदलाव को ध्यान में रखना होगा।



