जोधपुर में एक ओर ड्रग फैक्ट्री का खुलासा, करोड़ों की ड्रग्स बरामद

0

जोधपुर। राजस्थान में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और जोधपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में शहर में एक ड्रग फैक्ट्री का खुलासा कर दो करोड़ रुपये से अधिक की एमडी ड्रग, नशीली गोलियां और मादक पदार्थ बनाने का जखीरा बरामद किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जोधपुर शहर की एक पॉश सोसाइटी आशापूर्णा प्लेटिनम के फ्लैट में यह ड्रग् फैक्ट्री चल रही थी। गत दो अप्रैल को गिरफ्तार गणपतराम विश्नोई के बनाड़ क्षेत्र में एजीटीएफ ने आरोपी की मकान की छत पर बनी एक ड्रग फैक्ट्री का खुलासा करते हुए तीन किलोग्राम से अधिक एमडी और 55 किलोग्राम से अधिक केमिकल बरामद किया गया था।

इसके बाद गणपतराम से पूछताछ में सामने आया कि वह तो महज एक मोहरा है, असली मास्टरमाइंड भरत विश्नोई उर्फ आसुराम उर्फ लक्की है जो अपनी पहचान छुपाकर आशापूर्णा प्लेटिनम के एक फ्लैट में सफेद जहर तैयार कर रहा है। जब पुलिस टीम ने फ्लैट का दरवाजा तोड़ा तो अंदर अलमारी में रखा एक बैग बरामद हुआ। इस बैग के अंदर नशे का ऐसा जखीरा था जो किसी मिनी फैक्ट्री से कम नहीं था।

मौके पर बुलाई गई एफएसएल और एनसीबी की टीमों ने पुष्टि की कि बरामद सामान न केवल घातक मेफेड्रोन है बल्कि उसमें उच्च गुणवत्ता वाला केमिकल भी शामिल है। पुलिस ने एक किलो 544 ग्राम एमडी और प्रीमियम केमिकल, 366 ग्राम शुद्ध एमडी बरामद की। इसके साथ ही 1.178 किलोग्राम ऐसा संदिग्ध केमिकल और पाउडर मिला जो तैयार एमडी से भी अधिक उच्च श्रेणी का था।

अल्ट्राटेक सीमेंट की पीली टेप से लिपटे पैकेटों और जीपर पाउच में 2000 से अधिक 3.663 किलोग्राम नशीली गोलियाँ बरामद हुईं। फैक्ट्री में मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, टेप रोल और आरोपी के बच्चों के आधार कार्ड सहित कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए।