अलवर में अमित शाह का ग्रामीण महिलाओं ने गीत गाकर किया स्वागत

0

अलवर। केंद्रीय गृहमंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अलवर पहुंचने पर हेलीपैड के बाहर ग्रामीण परिवेश में अनूठा स्वागत देखने को मिला।

लुगड़ी-लहंगा पहने ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर दोनों नेताओं का स्वागत किया और बजरंगबली के जयकारे लगाए। इस दौरान अमित शाह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी महिलाओं के इस पारंपरिक स्वागत से खुश नजर आए।

हेलीपैड से बाहर निकलते समय शाह ने ग्रामीण महिलाओं से बातचीत की और उनके पशुपालन से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से पूछा कि उनके पास कितने पशु हैं। महिलाओं ने अपने-अपने पशुओं की संख्या और पशुपालन से जुड़ी जानकारी दी। शाह ने महिलाओं को पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया और डेयरी के माध्यम से होने वाली आय के बारे में भी जानकारी ली।

शाह ने महिलाओं से पूछा कि डेयरी में दूध देने के बाद उन्हें भुगतान कितने दिन में मिलता है। महिलाओं ने बताया कि वर्तमान में करीब 15 दिन में पैसा मिल जाता है। इस पर शाह ने कहा कि दो महीने बाद डेयरी से दूध का भुगतान 15 दिन के बजाय महज सात दिन में मिलने लगेगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता और डेयरी व्यवस्था को और मजबूत करने से पशुपालकों को समय पर भुगतान मिल सकेगा और ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।