गहलोत का जितना वैभव से स्नेह एवं लगाव, उतना मेरे साथ भी : सचिन पायलट

0

दौसा। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर कहा है कि उनका जितना स्नेह और लगाव अपने पुत्र वैभव गहलोत से हैं उतना ही उनका लगाव मेरे साथ भी हैं और हम सब कांग्रेस के सिपाही हैं तथा एक साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी के दमनकारी शासन का मुकाबला करने की मुहिम में संघर्ष कर रहे हैं।

पायलट गुरुवार को दौसा के भडाना स्थित उनके पिता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर उनकी स्मृति स्थल पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि गहलोत की बात सुनी है और मुझे इतना कहना है कि उनका जैसे वैभव से स्नेह और लगाव है उतना ही लगाव मेरे साथ हैं और हम सब कांग्रेस के सिपाही हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संदेश दिया था कि देश में मोहब्बत की दुकान की खोलनी हैं, सब मिलकर भाजपा के दमनकारी शासन मुकाबला करना हैं उस मुहिम में पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी, नेता एवं छोटे बड़े हर पीढ़ी के लोग इस मुहिम में संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस हमेशा मजबूत बनी रही है और देश में मिसाल बनी हुई है, उस परिपाटी को आगे बढाना हैं।

इससे पहले श्रद्धांजलि एवं सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया जिसमें सांसद मुरारीलाल मीणा, भजनलाल जाटव, और सांसद कुलदीप इंदौरा, विधायक मुकेश भाकर, मनीष यादव, लक्ष्मण मीणा, डीसी बैरवा, रामनिवास गांवड़िया, अमीन कागजी, अनिता जाटव, युवा नेता अभिमन्यु पूनिया, पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी, प्रताप सिंह खाचरियावास, ममता भूपेश एवं शकुंतला रावत, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव धीरज गुर्जर, अर्चना शर्मा, वेदप्रकाश सोलंकी, डॉ. जितेंद्र सिंह और दीपेंद्र सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और कार्यकर्ता मौजूद थे।