सहारनपुर। सहारनपुर में नगर कोतवाली के नुमाईश कैंप निवासी एक महिला ने सहेली के साथ मामूली कहासुनी को लेकर उसके 14 वर्षीय पुत्र की नहर में डुबो कर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि महिला पूजा (38) ने दुकान खरीद के मामले में पैसा देने में हुए विलंब के दौरान 16-17 साल से सहेली बनी पड़ोस की महिला ज्योति के सबसे छोटे बेटे अंशुमन (14) को अपनी स्कूटी पर ले जाकर अंबाला रोड़ पर नहर में डुबो दिया था। ज्योति ने नगर कोतवाली में अपने बेटे की गुमशुदुगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसपी सिटी ब्योम बिंदल ने बताया कि इस मामले में पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थी और पचास से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले गए। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला अंशुमन को स्कूटी बैठाकर ले जाती दिखाई दी। पुलिस ने शक के आधार पर पूजा को हिरासत में लेकर उससे लंबी पूछताछ की।
वह पुलिस को लगातार गुमराह करती रही और आखिर में उसने सच उगल ही दिया। उसकी सूचना पर पुलिस ने सिंचाई विभाग से कहकर बड़ी नहर बंद कराई और 17 गोताखोरों ने लगातार 14 घंटे अंशुमन के शव की तलाश की। अंशुमन के शव के फेंके गए स्थान से 150 मीटर की दूरी से कल बरामद कर लिया गया था।
नगर कोतवाली पुलिस ने पूजा को बालक अंशुमन के अपहरण और हत्या के मामले में आज जेल भेज दिया। पूछताछ में पूजा ने बताया कि उनका अपनी पड़ौसन और गहरी मित्र ज्योति से दुकान की खरीद की रकम को लेकर वाद विवाद हुआ था। ज्योति और उसके बड़े बेटे ने उसका बहुत अपमान किया था। उसी का बदला लेने के लिए उसने ज्योति के बेटे को अगवाकर उसकी नहर मे डुबोकर मार दिया।




