सवाईमाधोपुर/जयपुर। राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने पुलिसकर्मियों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए अब उनके स्वयं के जन्मदिन, पत्नी, बच्चों और माता-पिता के जन्मदिन के विशेष अवसर पर आकस्मिक अवकाश देने का निर्णय लिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी की इस मानवीय पहल की पूरे महकमे में चर्चा हो रही है। उनके द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यदि कोई पुलिसकर्मी अपने या अपने परिवार के सदस्यों के जन्मदिन पर अवकाश के लिए आवेदन करता है, तो उसे अनिवार्य रूप से स्वीकृत किया जाएगा।
अक्सर पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी की व्यस्तता के कारण परिवार के महत्वपूर्ण क्षणों का हिस्सा नहीं बन पाते थे, जिससे उनमें मानसिक तनाव और अलगाव की स्थिति पैदा होती थी। इस नई व्यवस्था से न केवल पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि वे अधिक ऊर्जा और प्रसन्नता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर सकेंगे।
इस मानवीय पहल का लाभ महकमे के सबसे निचले स्तर तक पहुंचाया गया है। इसमें कांस्टेबल से लेकर सहायक उप निरीक्षक तक के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। साथ ही पुलिस विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा।



