अलवर। राजस्थान में कोटपुतली बहरोड़ जिले के नीमराणा के जापानी औद्योगिक क्षेत्र स्थित होली चाइल्ड स्कूल में एक सुरक्षा गार्ड की हत्या करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भूंगड़ा अहीर निवासी सुभाष नाई (50) के रूप में हुई है, जो स्कूल में गार्ड के पद पर कार्यरत था। गार्ड रात में स्कूल के द्वार पर ड्यूटी कर रहा था। उसके सिर पर गहरी चोट के निशान पाये गये हैं। संभवत: उसके सिर पर लोहे की छड़ जैसी किसी भारी वस्तु से हमला करके उसकी हत्या की गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शव पोस्टमार्टम के लिए नीमराणा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सुबह जब अन्य स्टाफ स्कूल पहुंचा तो घटना का पता चला, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।



