कर्नाटक के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण स्कूल बंद

0

शिवमोगा। कर्नाटक के मलनाड क्षेत्र में मंगलवार को लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चिक्कमगलूरु और शिवमोगा जिलों के कई तालुकों में एहतियात के तौर पर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद कर दिया गया। चिक्कमगलूरु जिले में प्रशासन ने कोप्पा, श्रृंगेरी और मुदिगेरे तालुकों के प्राथमिक एवं उच्च विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।

लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कोरबा जिले के सतरेंगा क्षेत्र में पिकनिक के दौरान नदी में डूबने से एसईसीएल कर्मी 24 वर्षीय शुभांशु ध्रुव की मौत हो गई। वह रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा घूमने गया था। सभी युवक नदी में बने एक टापू की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शुभांशु बीच रास्ते से वापस लौटने लगा और गहरे पानी में डूब गया।

पड़ोसी शिवमोगा जिले में भी तीर्थहल्ली, सागर और भद्रावती तालुकों के स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को लगातार बारिश और आगे भी तेज बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने बताया कि जलभराव, उफनते नालों, भूस्खलन तथा पेड़ गिरने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार आगे के निर्णय लिए जाएंगे।

प्रशासन ने निचले तथा संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। अभिभावकों से भी कहा गया है कि वे बच्चों को उफनती नदियों, झीलों और नालों के आसपास न जाने दें।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सक्रिय दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव से मलनाड और तटीय कर्नाटक में व्यापक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। किसी भी बारिश संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन दलों और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पिछले कुछ दिनों में कर्नाटक में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से पश्चिमी घाट क्षेत्र में व्यापक बारिश हो रही है, जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।