अजमेर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर अजमेर सीनियर सिटीजन सोसायटी की ओर से 3 अक्टूबर को वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सभागार में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। समारोह में शहर के उन वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने 80 और 90 वर्ष की आयु पूरी की है।
सोसायटी के मीडिया प्रभारी डॉ. एसडी मिश्र ने बताया कि समारोह में कुल 62 वरिष्ठजनों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 80 वर्ष की आयु पूरी करने वाले 46 तथा 90 वर्ष की आयु पूरी करने वाले 16 सदस्य शामिल हैं।
100 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सदस्य का विशेष सम्मान
समारोह में नाका मदार ग्रुप के अमर सिंह छत्री के 100 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर उनका विशिष्ट सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा दैनिक नवज्योति के प्रधान संपादक दीन बन्धु चौधरी (92) को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान उनका भी सम्मान किया जाएगा।
सहयोग देने वाले सदस्य भी होंगे सम्मानित
सोसायटी की ओर से उन सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने संस्था के लिए 2100 रुपये या उससे अधिक का सहयोग प्रदान किया है। ऐसे सदस्यों को ‘लिटिल भामाशाह’ के रूप में सम्मान दिया जाएगा।
संगीत और जलपान के साथ नई गतिविधियों की जानकारी
सोसायटी के महासचिव सुभाष दत्त शर्मा और पदाधिकारियों ने समारोह की तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ भाषण, संगीत और जलपान की व्यवस्था रहेगी।
इसके साथ ही नई कार्यकारिणी के गठन के बाद सोसायटी की ओर से आयोजित किए गए नए कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी भी दी जाएगी। अध्यक्ष और महासचिव संस्था के आगामी कार्यक्रमों और अब तक किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।



