मुंबई। पश्चिम एशिया संकट के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को एक बार फिर बड़ी गिरावट देखी गई और बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,097 अंक (1.37 प्रतिशत) टूटकर 17 अप्रैल 2025 के बाद के निचले स्तर 78,918.90 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 315.45 अंक यानी 1.27 प्रतिशत गिरकर 24,450.45 अंक पर आ गया जो इसका 29 अगस्त 2025 के बाद का निचला स्तर है।
पिछले पांच कारोबारी दिवसों में से चार में शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट रही है जबकि गुरुवार को बड़ी तेजी देखी गयी। सेंसेक्स गुरुवार को 900 अंक चढ़ने के बावजूद पांच दिन में कुल 3,329.71 अंक (4.04 प्रतिशत) टूट चुका है। निफ्टी-50 भी पांच कारोबारी दिवस में 1,046.10 अंक (4.10 प्रतिशत) उतर चुका है।
मझौली और छोटी कंपनियों पर आज अपेक्षाकृत कम दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.86 प्रतिशत गिर गया। स्मॉलकैप-100 सूचकांक में भी 0.24 प्रतिशत की गिरावट रही। बाजार में उथल-पुथल को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स सूचकांक 11 से ऊपर रहा जो दिखता है कि बाजार में अनिश्चितता बढ़ी हुई है।
आईटी और रसायन को छोड़कर अन्य सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। बैंकिंग और रियलटी सेक्टरों में दो प्रतिशत से ज्यादा गिरावट रही। ऑटो, मीडिया और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद सेक्टरों के सूचकांक भी लाल निशान में रहे।
एनएसई में जिन 3,294 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 1,872 के शेयरों में गिरावट और 1,315 में तेजी रही। अन्य 107 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 3.39 प्रतिशत गिर गये। एक्सिस बैंक में 2.23 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.56, एचडीएफसी बैंक में 2.39, भारतीय स्टेट बैंक में 2.37, बजाज फिनसर्व में 2.27, इंडिगो में 2.23 और एलएंडटी में 2.09 प्रतिशत की गिरावट रही।
कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 1.86 प्रतिशत, मारुति सुजुकी का 1.85, भारती एयरटेल का 1.83, ट्रेंट का 1.77, अडानी पोर्ट्स का 1.48, बजाज फाइनेंस का 1.28, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.23, टाटा स्टील का 1.05 और टीसीएस का एक प्रतिशत नीचे बंद हुआ। टाइटन, आईटीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एशियन पेंट्स के शेयर भी लाल निशान में रहे।
बीईएल में सबसे अधिक 1.82 प्रतिशत की तेजी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.11 प्रतिशत, सनफार्मा का 0.90 और एनटीपीसी का 0.61 प्रतिशत ऊपर रहा।
वैश्विक स्तर पर एशिया में हांगकांग का हैंगसेंग 1.72 प्रतिशत, जापान का निक्केई 0.62 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.38 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.98 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.68 प्रतिशत नीचे था।



