मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के छाता क्षेत्र में पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक ढाबे पर छापेमारी कर देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से पांच युवतियों और चार युवकों समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) भूषण वर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को दोताना स्थित चोटी वाला ढाबा पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि हाईवे किनारे कुछ ढाबों पर खाने-पीने की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सूचना के आधार पर गठित टीम ने ढाबे पर दबिश दी, जहां पुलिस को आपत्तिजनक स्थिति में युवक-युवतियां मिले। छापेमारी के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के चलते कोई भी भाग नहीं सका।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस रैकेट के अन्य संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। वर्मा ने कहा कि हाईवे पर अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



