जौनपुर के मछलीशहर में देह व्यापार का भंडाफोड़, आठ युवक-युवतियों को दबोचा

1

जौनपुर। उत्तरप्रदेश में जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र में इलाहाबाद रोड स्थित खजुरहट गांव में रविवार को पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रहे कथित अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान होटल से आठ युवक-युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार खजुरहट स्थित एक होटल को लेकर काफी समय से स्थानीय लोगों द्वारा अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने गोपनीय जांच कराई, जिसके बाद आज नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव की मौजूदगी में पुलिस टीम ने होटल पर अचानक छापा मारा। छापेमारी के दौरान होटल के विभिन्न कमरों से युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में मिलीं, जिन्हें तत्काल हिरासत में लेकर मछलीशहर कोतवाली लाया गया।

पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है तथा उनके दस्तावेजों एवं होटल के रजिस्टर की भी जांच की जा रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।

इस छापेमारी के बाद लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई की सराहना की। पुलिस होटल संचालक की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है। यदि जांच में होटल प्रबंधन की संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।