मुंबई। बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपने 61वें जन्मदिन पर प्रशंसकों को खास तोहफा दिया है। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ 2 नवंबर को रिलीज कर दिया गया। इस गाने में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की रोमांटिक केमिस्ट्री के साथ एक्शन और रोमांच का भी जबरदस्त मिश्रण देखने को मिल रहा है।
गाने की सबसे बड़ी खासियत इसका अंतरराष्ट्रीय संगीत सहयोग है। इसमें बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है, जबकि अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार एड शीरन ने अंग्रेजी रैप के जरिए अपना अंदाज जोड़ा है। सचिन-जिगर ने गाने का संगीत तैयार किया है और इसके हिंदी बोल कुमार ने लिखे हैं। एड शीरन ने अंग्रेजी रैप लिखा है। गाने की कोरियोग्राफी पीयूष-शाजिया ने की है।
रोमांस के साथ एक्शन की झलक
‘तू मिल जाए’ के म्यूजिक वीडियो की शुरुआत शाहरुख खान के दमदार संवाद से होती है, जो उनके किरदार के रोमांटिक और खतरनाक दोनों पहलुओं की झलक देता है। इसके बाद शाहरुख और दीपिका पादुकोण खूबसूरत विदेशी लोकेशंस पर रोमांटिक अंदाज में नजर आते हैं। वीडियो में डांस, भव्य दृश्य और एक्शन सीक्वेंस भी शामिल किए गए हैं।
शाहरुख और दीपिका की जोड़ी इससे पहले ‘ओम शांति ओम’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’, ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों में दर्शकों का मनोरंजन कर चुकी है। ऐसे में दोनों को एक बार फिर साथ देखकर प्रशंसकों में खास उत्साह है।
24 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘किंग’
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘किंग’ को लेकर लंबे समय से चर्चा है। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने किया है। शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के अलावा फिल्म में सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, बॉबी देओल और अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। जन्मदिन के मौके पर गाने की रिलीज के साथ निर्माताओं ने फिल्म के प्रचार अभियान को भी गति दे दी है। अब दर्शकों को फिल्म के ट्रेलर और बड़े पर्दे पर शाहरुख के नए अवतार का इंतजार है।



