मुंबई। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना की नेता तेजस्वी घोसालकर ने सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। तेजस्वी घोसालकर दिवंगत पार्टी नेता अभिषेक घोसालकर की पत्नी है जिनकी पिछले साल गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
यह घटनाक्रम बृहन्मुंबई नगर निगम चुनावों से पहले सामने आया है। उन्हें मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित सतम ने पार्टी में शामिल किया। यह घटनाक्रम चुनाव से पहले शिवसेना (यूबीटी) के लिए विशेष रूप से शहर के पश्चिमी उपनगरों में एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
तेजस्वी ने अपना त्यागपत्र सौंपने के बाद सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा। अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा कि उन्हें राजनीतिक कार्य, सार्वजनिक सेवा और अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने में बहुत कठिनाई हो रही थी।
उन्होंने लिखा कि राजनीति में काम करते हुए, जनता की सेवा करते हुए और अपने पारिवारिक दायित्वों को पूरा करते हुए मुझे बहुत सारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। यह निर्णय गहन आत्मनिरीक्षण के बाद लिया गया।
अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वह एक साधारण परिवार से आती हैं और उन्होंने सार्वजनिक जीवन में प्रवेश महत्वाकांक्षा की वजह से नहीं बल्कि अपने ससुर विनोद घोसालकर और पति अभिषेक घोसालकर को समर्थन देने के लिए किया था। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच काम करना, उनके सुख-दुखों में भागीदार होना और दहिसर-बोरीवली क्षेत्र के निवासियों की सेवा करना उन्हें संतुष्टि प्रदान करता है।



