बहराइच में पैसे के विवाद में परिवार के 4 सदस्यों की हत्या

0

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसन्तपुर रूदल (रामगांव) में जमीन बिक्री के पैसे के विवाद में एक युवक द्वारा अपने माता-पिता, दादी और बहन की कुल्हाड़ी से मारकर कर हत्या कर दी गई, जबकि बड़े भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोपी ने बाद में स्वयं को भी घायल कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरूदेव निवासी बसन्तपुर रूदल द्वारा थाना पर दी गई तहरीर में कहा गया है कि 1-2 मार्च की मध्यरात्रि करीब 12 बजे शोर सुनकर वह कमरे से बाहर निकले तो देखा कि उनका छोटा भाई निरंकार पिता द्वारा बेची गई जमीन एवं गहनों का पैसा न देने को लेकर विवाद कर रहा था।

आरोप है कि आवेश में आकर निरंकार ने कुल्हाड़ी से पिता बदलू राम (60), माता संजू देवी (56), बहन पार्वती (लगभग 42) और दादी सिताला (80) पर हमला कर दिया, जिससे चारों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

तहरीर के अनुसार जब गुरूदेव बीच-बचाव के लिए बाहर आए तो आरोपी ने उनके सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय गुरूदेव का पुत्र आजाद भी मौके पर मौजूद था। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए। इसी दौरान आरोपी ने अपने सिर पर ईंट से प्रहार कर स्वयं को भी घायल कर लिया।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। रात में ही पुलिस अधीक्षक बहराइच रामनयन सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। चारों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बहराइच भेज दिया गया।

वहीं घटना स्थल निरीक्षण के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में घटना जमीन बिक्री के पैसे को लेकर हुए विवाद और तात्कालिक आक्रोश का परिणाम प्रतीत होती है। इस संबंध में थाना रुपईडीहा में धारा 103(1)/109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी निरंकार को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। घायल गुरूदेव का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चरदा में चल रहा है।