वाहन रैली से गूंजा अजमेर, ध्वजारोहण के साथ 12 दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव शुरू

0

अजमेर। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर अजमेर में 12 दिवसीय श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव का रंगारंग आगाज हुआ। महोत्सव के पहले दिन शहर में भव्य वाहन रैली निकाली गई। इसके बाद अग्रवाल पाठशाला भवन में ध्वजारोहण कार्यक्रम हुआ। रैली में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं, युवाओं और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।

वाहन रैली सीताराम बाजार से रवाना होकर लाल कोठी, पड़ाव, मदार गेट, गांधी बाजार, जीपीओ, चूड़ी बाजार, गोल प्याऊ, नया बाजार, आगरा गेट और जयपुर रोड होते हुए अग्रसेन सर्किल पहुंची। यहां से रैली अग्रवाल पाठशाला भवन पहुंची।

रैली में शामिल युवाओं ने भगवा टी-शर्ट और महिलाओं ने भगवा साफे पहन रखे थे। वाहनों पर महाराजा अग्रसेन के जयकारे गूंजते रहे। बड़ी संख्या में ई-स्कूटर और चार पहिया वाहन भी रैली का हिस्सा बने।

बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रैली में बच्चों ने साइकिलों के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं एक जीप में महाराजा अग्रसेन का चित्र सजाया गया था। इसके साथ चल रहे समाजबंधु भजनों और जयकारों के जरिए माहौल को उत्साहपूर्ण बनाए हुए थे।

शहर के विभिन्न स्थानों पर रैली का स्वागत किया गया। लोगों ने पुष्पवर्षा कर समाजबंधुओं का अभिनंदन किया और पेय पदार्थ व अल्पाहार वितरित किया। रैली को समाजसेवी महेंद्र कुमार रामकिशोर भेरुंदिया, अशोक पंसारी, लोकेश अग्रवाल, सीताराम गोयल और गोपाल गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पूजा-अर्चना के बाद हुआ ध्वजारोहण

महोत्सव की शुरुआत भगवान अग्रसेन के मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद अग्रवाल पाठशाला भवन परिसर में समाजसेवी अंकुल गोयल के मुख्य आतिथ्य में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भरा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पाठशाला सभा के अध्यक्ष सीताराम गोयल ने की। मुख्य अतिथि अंकुल गोयल और महेंद्र कुमार रामकिशोर भेरुंदिया ने समाज में एकता और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।

मुख्य संयोजक अशोक पंसारी ने 12 दिवसीय महोत्सव के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी समाजबंधुओं का आभार जताया।

महोत्सव के पहले दिन आयोजित कार्यक्रमों में सीताराम गोयल, लोकेश अग्रवाल, शंकर लाल बंसल, शैलेंद्र अग्रवाल, विष्णु मंगल, दिनेश प्रणामी, राकेश हटूका, राजेंद्र मित्तल, राजेंद्र अग्रवाल, सुनील गोयल, मनीष गोयल, दीपक एरण, विनय मंगल, मनील गर्ग, आदित्य गर्ग, गोविंद प्रसाद गर्ग, प्रवीण अग्रवाल, वर्षा फतहपुरिया सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।

शनिवार को महिला खेलकूद प्रतियोगिता

महोत्सव के दूसरे दिन 3 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से अग्रवाल पाठशाला भवन में महिला खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कौशल्या गर्ग और निशा गर्ग होंगी।

प्रतियोगिता का संयोजन महाराजा अग्रसेन महिला समिति की अध्यक्ष प्रिया मंगल, सचिव पूनम खेतावत और उनकी टीम की ओर से किया जाएगा। महोत्सव के आगामी दिनों में भी विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।