श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन : 6 दिसंबर को मथुरा में कारसेवा करने का ऐलान

0

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को लेकर साधु संतों ने रविवार को प्रस्तावित कार सेवा को फिलहाल टाल दिया और चित्रगुप्त पीठाधीश्वर डॉक्टर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने साधु संतों की मौजूदगी में घण्टे घड़ियाल और शंखनाथ के साथ 6 दिसंबर को मथुरा में कारसेवा करने का ऐलान किया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि छह दिसंबर से पहले वह स्वयं देश भर में घूम घूम कर साधु संतों अखाड़ा परिषद के महंत और महामंडलेश्वरों से मुलाकात करेंगे और उन्हें मथुरा पहुंचकर कार सेवा में शामिल होने का आह्वान करेंगे।

स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने 6 दिसंबर से पहले श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर ठाकुर जी को भोग लगाने की अनुमति न्यायालय से मांगी है। उन्होंने कहा कि वह भगवान श्रीकृष्ण को जन्माष्ठमी के दिन भोग लगाना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने अपने मांग पत्र में वरशिप एक्ट को खत्म करने की भी मांग रखी है और श्री कृष्ण जन्मभूमि मामले की सुनवाई फास्टट्रेक अदालत में करने की मांग की बात भी रखी है।

चित्रगुप्त पीठाधीश्वर सच्चिदानंद महाराज ने पूर्व में 9 अगस्त को श्री कृष्ण जन्मभूमि पर अयोध्या की तर्ज पर कारसेवा करने की घोषणा की थी। हालांकि स्थानीय प्रशासन के साथ हुई वार्ता और जारी कावड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को देखते हुए अखाड़ा परिषद व वरिष्ठ संतो के निर्णय के बाद से फिलहाल इसे स्थगित करने का फैसला लिया गया है।

रविवार सुबह छटीकरा गोवर्धन मार्ग स्थित ज़ुल्हेदी चित्रगुप्त आश्रम में श्रीमद् भागवत कथा के समापन के बाद विशेष हवन पूजन का आयोजन किया गया। स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने साधु संतों की उपस्थिति में विधि विधान से पूजा अर्चना कर श्रीकृष्ण जन्म भूमि मुक्ति की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा आश्रम में यह हवन पूजन तब तक रोजाना अनवरत चलता रहेगा जब तक की बाल गोपाल श्री कृष्ण लाल अपने मूल गर्भ ग्रह में पूर्ण सम्मान के साथ विराजमान नहीं हो जाते। रविवार सुबह कारसेवा की पूर्व घोषणा के चलते पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। सुबह के समय कुछ हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता श्री कृष्ण जन्मभूमि के मुख्य गेट पर कारसेवा के लिए पहुंचे थे। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें हिरासत में लेकर समझा बुझाकर वापस करा दिया।