अंजलि भारती की फडणवीस की पत्नी पर अपमानजनक टिप्पणियों से विवाद

1

मुंबई। महाराष्ट्र में गायिका अंजलि भारती ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस पर अपमानजनक टिप्पणियों से विवाद खड़ा कर दिया है।

भारती ने हाल ही में एक कार्यक्रम में बोलते हुए अमृता फडणवीस के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिसके बाद शिवसेना (यूबीटी), शिवसेना (शिंदे गुट) और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं सहित सभी पार्टियों के नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की। कुछ नेताओं ने उनकी टिप्पणियों को अश्लील और खतरनाक बताया तथा अंजलि के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस विवाद ने सोशल मीडिया पर भी गरमागरम बहस छेड़ दी है, जिसमें कई लोग गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भारती अपने विद्रोही अंदाज और बौद्ध धर्म से जुड़ाव के लिए जानी जाती हैं। उनका एक यूट्यूब चैनल है जिसके 5.75 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। उन्होंने ये टिप्पणियां महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म और हिंसा से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए की थीं। उनकी टिप्पणियों की चारों ओर कड़ी निंदा की गई।

मुंबई की पूर्व मेयर और शिवसेना (यूबीटी) महिला विंग की नेता किशोरी पेडनेकर ने सोशल मीडिया पर कहा कि हम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस के खिलाफ गायिका अंजलि भारती द्वारा इस्तेमाल की गई गंदी और बेहद आपत्तिजनक भाषा की कड़ी निंदा करते हैं।

भाजपा की महाराष्ट्र महिला विंग की अध्यक्ष चित्रा वाघ ने भी भारती की आलोचना की और कड़ी कार्रवाई की मांग की। वाघ ने कहा कि ऐसे बयान महिलाओं के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देते हैं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर इन्हें सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने इन टिप्पणियों को घिनौना और खतरनाक बताया और समाज में एक संदेश देने के लिए कानूनी कार्रवाई को जरूरी बताया।

शिवसेना के पूर्व नेता संजय निरुपम ने भारती के बयान की आलोचना करते हुए उसे शर्मनाक बताया। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अत्याचार का विरोध करने की बात कही लेकिन ऐसी भाषा और उकसावे को अस्वीकार्य बताया। निरुपम ने आरोप लगाया कि ये टिप्पणियां बाबासाहेब आम्बेडकर की तस्वीर के सामने खड़े होकर की गईं, जिससे यह और भी अधिक आपत्तिजनक और सामाजिक गिरावट का एक परेशान करने वाला संकेत बन गया।