होशियारपुर में आवारा कुत्तों के झुंड ने 8 वर्षीय बालिका को नोच-नोचकर मार डाला

0

होशियारपुर। पंजाब में होशियारपुर जिले के एक गांव में बुधवार सुबह आवारा कुत्तों के झुंड ने आठ वर्षीय बालिका को नोच-नोचकर मार डाला।

पुलिस ने बताया कि मृतक बालिका की पहचान सलोनी के रूप में हुई है, जो प्यारे लाल की पुत्री थी। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में टांडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव खराल खुर्द में रह रहा था। यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई, जब बालिका स्कूल जाने से पहले घर से बाहर निकली थी।

रास्ते में आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और बुरी तरह हमला कर दिया। बालिका काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में वह सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। उसे तुरंत टांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।