कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में नोएडा के आईटी इंजीनियर कुश शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार को मौत हो गई। वह शिमला से नोएडा लौट रहे थे। रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में कमरा लिया लेकिन अगले दिन कमरे से बाहर नहीं निकले।
होटल कर्मचारियों ने आज सुबह काफी देर तक दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां कुश शर्मा बेहोश अवस्था में बिस्तर पर मिले। उन्हें तुरंत एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी और उसकी आठ वर्षीय बेटी है।
पुलिस को कमरे से मानसिक बीमारी की दवाइयों के रैपर मिले हैं। परिजनों के अनुसार कुश शर्मा पिछले सात-आठ वर्षों से मानसिक बीमारी का इलाज करा रहे थे। वह सोमवार को अपनी कंपनी में दोबारा ड्यूटी जॉइन करने वाले थे। परिजनों ने आशंका जताई है कि दवा के ओवरडोज के कारण उनकी मौत हुई हो सकती है।
फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए विसरा जांच हेतु नमूने पंचकूला की मोगीनंद लैब भेज दिए हैं। पुलिस ने इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।



