शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में चौथा आरोपी अरेस्ट

0

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बलिया के रहने वाले राजकुमार सिंह को राज्य के छपार से गिरफ्तार किया गया है। गत 12 मई को इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच अपने हाथ में लेने के बाद से सीबीआई ने यह पहली गिरफ्तारी की है। इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और ये चारों आरोपी पश्चिम बंगाल से बाहर के राज्यों के रहने वाले हैं।

इससे पहले राज्य पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने बिहार के बक्सर से विशाल श्रीवास्तव को और उत्तर प्रदेश से राज सिंह और मयंक मिश्रा को गिरफ्तार किया था। सीबीआई के अनुसार राजकुमार सिंह को सोमवार को छपार टोल प्लाजा के पास हिरासत में लिया गया और आज उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

जांचकर्ताओं को अंदेशा है कि वह इस हत्याकांड में शामिल भाड़े के शूटरों में से एक है। सीबीआई का मानना है कि छह मई को हत्या की रात राजकुमार ने भी गोलियां चलाई थी।

यह कामयाबी राज्य सीआईडी के बिहार और उत्तर प्रदेश से पहले गिरफ्तार किए गए तीन कॉन्ट्रैक्ट किलर्स से पूछताछ के दौरान मिली थी। जांचकर्ताओं को राजकुमार और बलिया से पहले गिरफ्तार किए जा चुके राज सिंह के बीच संबंध मिले थे। इन सुरागों के आधार पर एक विशेष सीबीआई टीम ने राजकुमार की तलाश में फरीदाबाद और दिल्ली में कई स्थानों पर करीब एक हफ्ते तक छापेमारी की।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी फरीदाबाद से हरिद्वार की ओर भागने की कोशिश कर रहा था। सोमवार सुबह सीबीआई के डीएसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया। सीबीआई के साझा जानकारी के आधार पर एक संयुक्त अभियान के दौरान आरोपी को छपार टोल प्लाजा से हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद सीबीआई ने राजकुमार को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर बारासात अदालत में पेश किया जाएगा।

सीबीआई सूत्रों ने कहा कि हत्या की शुरुआती साजिश पश्चिम बंगाल की सीमा के पास पड़ोसी राज्य झारखंड में एक स्थान पर रची गई थी। जांचकर्ताओं का मानना है कि राजकुमार से पूछताछ करने पर इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।