चेन्नई। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई की एक अदालत ने गुरूवार को प्रसिद्ध तमिल फिल्म अभिनेता विमल को 4.5 करोड़ रुपए के चेक बाउंस मामले में एक साल की जेल की सजा सुनाई।
अभिनेता विमल ने अपनी फिल्म मन्नार वगैयारा के निर्माण के वास्ते फिल्म फाइनेंसर गोपी से 4.5 करोड़ रुपए उधार लिए थे। फिल्म रिलीज होने के बाद फाइनेंसर ने राशि की वसूली का प्रयास किया, लेकिन अभिनेता के जारी किए गए चेक, बैंक खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण बाउंस हो गए।
अदालत ने माना कि अभिनेता के खिलाफ लगाए गए आरोप बिना किसी उचित संदेह के साबित हुए हैं। इसके आधार पर उन्होंने विमल को एक साल के कारावास की सजा सुनाई और साथ ही उधार ली गई रकम लौटाने का निर्देश दिया। अदालत ने अभिनेता के वकील की याचिका पर हाईकोर्ट में अपील दायर करने का अवसर देने के लिए सजा के अमल पर अस्थायी रोक लगा दी है।



