मंदिर के रथ के पहियों से कुचलकर एक किशोर की मौत, एक घायल

0

चेन्नई। तमिलनाडु के नामक्कल जिले के तिरुचेंगोडु में रविवार को एक उत्सव के दौरान मंदिर के रथ के पहियों के नीचे कुचलकर एक किशोर की मौत हो गयी और एक अन्य घायल हो गया। इस हादसे पर मुख्यमंत्री विजय ने गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतक के परिवार को पांच लाख रुपए की विशेष राहत राशि देने की घोषणा की है।

प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार यह दर्दनाक हादसा जिले के भगवान अर्थनीश्वरर मंदिर के वार्षिक उत्सव के दौरान हुआ। उत्सव के दौरान मंदिर के रथ में मुख्य देवता की शोभायात्रा निकाली जा रही थी, तभी 18 वर्षीय हर्षवर्धन इसके विशाल पहियों की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

तिरुचेंगोडु के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए सलेम के मोहन कुमारमंगलम मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल हुए एक अन्य किशोर शास्तिगन (19 वर्ष) को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस बीच, मुख्यमंत्री विजय ने यहां जारी एक बयान में हर्षवर्धन की मौत पर गहरा दुःख और शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घायल किशोर को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और मुख्यमंत्री सार्वजनिक राहत कोष से मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। इसी दौरान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री और तिरुचेंगोडु के विधायक अरुणराज ने अस्पताल जाकर घायल किशोर से मुलाकात की और स्वास्थ्य का हालचाल जाना।