नैनीताल में दिल्ली की महिला पर्यटक से रेप के प्रयास का आरोपी टैक्सी चालक अरेस्ट

0

नैनीताल। उत्तराखंड में सरोबर नगरी नैनीताल घूमने आई दिल्ली की महिला पर्यटक से मारपीट, लूट और दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी टैक्सी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पीड़िता से लूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत पांच मार्च को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए हल्द्वानी पहुंची। वह ऑटो से काठगोदाम आई और वहां से नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराए पर लेकर रात में काठगोदाम से नैनीताल के लिए रवाना हुई।

रात लगभग 1:30 बजे नैनीताल से 10 किमी पहले वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। महिला द्वारा विरोध करने पर चालक ने वाहन रोक कर उसके साथ मारपीट के साथ ही दुष्कर्म का प्रयास किया। उसने पीड़िता का मोबाइल फोन भी लूट लिया।

अगले दिन छह मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद तल्लीताल के थानाध्यक्ष मनोज सिंह नयाल, उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय, महिला उप निरीक्षक बबीता, एएसआई सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन संख्या यूके04टीबी 5500 में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से जांच करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को भवाली रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से लूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है और घटना में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39) निवासी गुजरीड़ा, फतेहपुर थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है।

एसएसपी मंजूनाथ ने कहा कि नैनीताल में महिलाओं और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।