सवाई माधाेपुर। राजस्थान में सवाई माधाेपुर के बामनवास में एक शराब की दुकान पर तहसीलदार द्वारा की गयी कार्रवाई के दौरान सेल्समेन को दुकान के अंदर बद करके बाहर से ताला लगाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लाइसेंसधारी ठेकेदार मधुप कुमार शिवहरे ने गुरुवार को आरोप लगाया कि बुधवार को शाम को तहसीलदार मेघा मीणा आईं और उन्होंने शराब की दुकान बंद करने को कहा। इस पर शिवहरे ने बताया कि नियमानुसार दुकान आठ बजे बंद कर दी जाएगी।
शिवहरे ने आरोप लगाया कि रात में तहसीलदार फिर आईं और वहां मौजूद सेल्समेन से कहासुनी के बाद उसने सेल्समेन को दुकान के अंदर ही बंद करवाकर बाहर से ताला लगवा दिया।
सुबह तक जब सेल्समेन घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने उससे सम्पर्क किया। शिवहरे उनके साथ दुकान पर गया तो बाहर से ताला लगा देखा। उसने ताला तुड़वाकर दुकान खोली तो अंदर सेल्समेन अर्द्धमूर्छित हालत में मिला। इस भीषण गर्मी में करीब 15 घंटे तक बिना पंखे के रहने से सेल्समेन की तबीयत खराब हो गई।
इस मामले को लेकर ठेकेदार शिवहरे ने उपखण्डाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तहसीलदार मेघा मीणा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिवहरे ने आरोप लगाया कि तहसीलदार मीणा ने बिना आबकारी विभाग के अधिकारियों की अनुमति और विभाग को पूर्व सूचना दिए बिना कार्रवाई के नाम पर शराब की दुकान में सेल्समैन को बंद करके बाहर से ताला लगा दिया और चाबियां अपने साथ ले गईं। इसकी वजह से भीषण गर्मी में करीब 15 घंटे तक सेल्समैन दुकान के भीतर फंसा रहा।



