चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय और समीप के बस्सी कस्बे में बुधवार को बारावफात जुलूस के दौरान साम्प्रदायिक तनाव उत्पन्न होने के बाद दोनों जगह अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार सुबह सबसे पहले बस्सी कस्बे में दोनों पक्ष उस समय आमने-सामने हो गये जब बारावफात जुलूस के दौरान कुछ ब्लोअर से कुछ आपत्तिजनक पन्नियां उड़ायी गयी। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति संभाली और जुलूस को आगे बढ़ाकर जल्दी खत्म करवा दिया, लेकिन कार्रवाई की मांग को लेकर लोग बस स्टैंड पर धरने पर बैठ गए। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा ने मौके पर जाकर लोगों से बात की और धरना खत्म करवाया।
अधिकारी यहां मामला निपटाकर चित्तौड़गढ़ भी नहीं पहुंचे थे कि यहां भी निकल रहे जुलूस में इसी तरह की पन्नियां उड़ाने का लोगों ने विरोध किया। इसी बीच ढूचा बाजार में दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी से माहौल और गर्मा गया। यहां आमने सामने हुए दोनों पक्षों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठियां फटकारी। इससे बाजार में भय का माहौल व्याप्त हो गया।
इस पर पुलिस और अधिकारियों ने तत्काल जुलूस को खत्म करवाया और गोल प्याऊ पर दरगाह के बाहर मौजूद भीड़ को भी समझाकर हटा दिया। दोनों स्थानों पर हालात देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करके निगरानी रखी जा रही है। अधिकारी संवेदनशील बस्तियों में गश्त कर रहे हैं।



