हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप करने वाले क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा करा पाएंगे : योगी

1

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर सीधा प्रहार करते हुये कहा कि आस्था का दिखावा करने वाले लोगों ने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किया था, लेकिन क्या वे जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा सकते हैं। यदि ऐसा नहीं कर सकते, तो हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने की आवश्यकता क्यों पड़ी।

अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अयोध्या को सनातन धर्म की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में स्थापित किया है, जबकि कुछ दल केवल आस्था का दिखावा करते रहे हैं। उन्होंने पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी किया और अयोध्या के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला देवी के नाम पर रखा जाएगा, जबकि भदरसा नगर पंचायत को अब भरतपुर-भरतकुंड नगर पंचायत के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम के प्रति भरत की निष्ठा और त्याग भारतीय संस्कृति में भाईचारे का सर्वोच्च उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साफ नीयत और स्पष्ट नीति होने पर विकास कार्य स्वतः गति पकड़ते हैं। उन्होंने कहा कि बीकापुर के लोगों ने सक्रिय और जनहितैषी विधायक चुना है, जिसका परिणाम क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या आज देश में विकास और सांस्कृतिक वैभव की नई पहचान बन रही है, उसी प्रकार बीकापुर, मिल्कीपुर, गोसाईगंज और रुदौली में भी विकास की नई तस्वीर उभर रही है।

उन्होंने कहा कि एक समय अयोध्या सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित थी तथा श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज मां सरयू की पवित्र धारा अयोध्या को अभिसिंचित कर रही है और पूरी नगरी विकास एवं विरासत के समन्वय का उदाहरण बन चुकी है।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप अयोध्या सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है। नए घाट से लेकर गुप्तार घाट तक घाटों की श्रृंखला विकसित की गई है, सूरजकुंड का पुनरुद्धार हुआ है और भरतकुंड के सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस कुछ नहीं कर सकीं, इसलिए अयोध्या के विकास का विरोध कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन चुका है और नगर देश के प्रमुख शहरों से जुड़ गया है। डबल इंजन सरकार ने निषादराज के नाम पर रैनबसेरा तथा माता शबरी के नाम पर भोजनालय बनाकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी जिस श्रृंग्वेरपुर में वक्फ के नाम पर कब्जा कराने का प्रयास कर रही थी, वहां भाजपा सरकार ने भगवान राम और निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा तथा स्मारक का निर्माण कराया है और आज श्रृंग्वेरपुर सौंदर्यीकरण की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं उत्पन्न कीं और रामभक्तों पर गोलियां तक चलवाईं, लेकिन डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में भव्य राम मंदिर का निर्माण संभव हुआ। आज अयोध्या आने वाला प्रत्येक व्यक्ति यहां के परिवर्तन से अभिभूत हो जाता है। भक्ति पथ, धर्मपथ, रामपथ और जन्मभूमि पथ अयोध्या की नई पहचान बन चुके हैं, जबकि सड़क, रेल और हवाई संपर्क ने नगरी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के लोगों को संदेह की दृष्टि से देखा जाता था, लेकिन आज अयोध्या और उत्तर प्रदेश के लोगों को देश-दुनिया में सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जो कार्य 500 वर्षों में नहीं हो पाया, उसे अयोध्या ने आज साकार कर दिखाया है।

लगातार हो रही बारिश के बावजूद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों से संघर्ष करने का जज्बा ही अयोध्या की पहचान है। इस अवसर पर महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक रामचंद्र यादव, अभय सिंह और चंद्रभानु पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, पूर्व विधायक शोभा सिंह चौहान, गोरखनाथ बाबा, इंद्रप्रताप तिवारी ‘खब्बू’, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया।