श्रीगंगानगर में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला करने के तीन आरोपी अरेस्ट

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर बार संघ के पूर्व सह सचिव अधिवक्ता राजेश ग्रेवाल (48) पर करीब दस दिन पहले हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह हमला पुराने जमीनी विवाद को लेकर रची गई साजिश का हिस्सा था, जिसमें हमलावरों को पांच लाख रुपए की सुपारी दी गई थी।

पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने आज बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है और साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

उल्लेखनीय है कि 21 अगस्त की शाम करीब आठ बजे 48 वर्षीय अधिवक्ता राजेश ग्रेवाल कार्यालय से घर जाने के लिए निकले थे। तभी चार अज्ञात व्यक्तियोयं ने पहुंचे और लोहे की रॉड, डंडे और तेज धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में ग्रेवाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने जांच के बाद गुरुलाभ उर्फ गैरी (35) निवासी कौंके खोसा, थाना सदर जगरावां, जिला लुधियाना पंजाब को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद राजेन्द्र सिंह उर्फ कमांडर और अमनसिंह (22) को भी गिरफ्तार किया गया।