बानसूर में कपड़ा व्यापारी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में 3 आरोपी अरेस्ट

0

कोटपूतली-बहरोड़। राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर कस्बे में उधार के रुपये मांगने पर एक कपड़ा व्यापारी को पिस्तौल दिखाकर धमकाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे एक अवैध देशी पिस्तौल बरामद की है।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि कपड़ा व्यापारी प्रमोद महाजन ने पुलिस को शिकायत की कि आरोपी सुरेश गुर्जर ने अपने बेटे की शादी के लिए उनकी दुकान से करीब दो लाख रुपए के कपड़े उधार लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद जब व्यापारी ने अपने पैसे मांगे तो आरोपी नाराज हो गया।

गत चार जुलाई को सुरेश अपने दो साथियों के साथ व्यापारी की दुकान पर पहुंचा और कथित रूप से अवैध पिस्तौल दिखाकर पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे पिस्तौल बरामद कर ली। आरोपियों की पहचान सुरेश गुर्जर (40), सत्यनारायण गुर्जर (38) और चेतराम गुर्जर के रूप में है।