सरदारशहर : स्कूल से लौटे दो परिवारों के 3 मासूम बच्चों की डिग्गी में डूबने से मौत

0

चूरू। राजस्थान में चूरू जिले के सरदारशहर उपखंड क्षेत्र में रामसीसर गांव में सोमवार को खेत की डिग्गी में नहाने गए तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना अपराह्न करीब तीन बजे की बताई जा रही है। पन्द्रह वर्षीय यशोदा अपने पड़ोसी बच्चों 11 वर्षीय प्रांजल और 13 वर्षीय आशीष के साथ स्कूल से घर पहुंची। घर पर किसी को कुछ बताए बिना तीनों रामनिवास कड़वासरा के खेत में बनी करीब सात फुट गहरी डिग्गी में नहाने चले गए।

सूत्रों ने बताया कि करीब एक घंटे बाद जब यशोदा के दादा रामचंद्र खेत पर पहुंचे, तो उन्हें तीनों बच्चे पानी में तैरते नजर आए लेकिन कोई हलचल नहीं थी। उन्होंने तुरंत गांववालों को आवाज दी। ग्रामीणों ने मिलकर शव निकाले और उन्हें सरदारशहर के राजकीय उप जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

यह हादसा यशोदा के परिवार के लिए दूसरी बार आया है। सात वर्ष पहले रामनिवास कड़वासरा के दो पुत्र भी एक कुंड में डूबकर मर चुके थे। यशोदा उनकी इकलौती बची संतान थी, वह भी अब चली गई। इसी तरह सांवरमल सारण के घर में आशीष और प्रांजल ही दो पुत्र थे। उनकी मौत के बाद यह परिवार भी पूरी तरह संतानहीन हो गया है।

पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और दोनों परिवार शोक की गहराई में डूबे हुए हैं। सरदारशहर के पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप वालिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लगता है कि बच्चों के पैर फिसल गए और वे पानी में डूब गए। आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है।