जौनपुर। उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में बरसठी थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को तीन किशोरों ने तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के उच्च अधिकारी के निर्देश पर तीनों के खिलाफ पॉस्को की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान 12 वर्षीय एक किशोर उसे बहका कर थोड़ी दूर स्थित बाग में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि उसके दोनों चचेरे चाचा बगल में खड़े थे।
मासूम को खून आता देख तीनों उसे छोड़कर वहां से भाग गए। बच्ची घटना स्थल से रोती हुई घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी, जिस पर पीड़िता की मां आरोपित किशोरों से पूछने गई तो आरोपियों के परिजनों से कहा सुनी होने लगीं और मारपीट की नौबत आ गई।
इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने 112 नम्बर पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी थानाध्यक्ष को दी। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष उच्चाधिकारियों को जानकारी देते हुए तत्काल घटना स्थल पर पहुंच कर मासूम को सीएचसी ले आए जहां से चिकित्सक ने चिकित्सकीय जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने मौके से तीनों आरोपी किशोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने पास्को एक्ट व दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कर आरोपित का चालान किया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची के साथ 12 साल के किशोर ने दुष्कर्म किया है। उसके पास दो अन्य नाबालिग खड़े थे जिनकी उम्र 9 और 10 साल है। प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि रेप का मुदकमा दर्ज किया गया है, तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है।