झुंझुनूं में कार की टक्कर से टोल कर्मचारी की मौत, 5 अन्य घायल

0

झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में चिड़ावा मार्ग पर सोमवार देर रात कार की चपेट में आने से एक टोल कर्मी की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।

थाना प्रभारी दौलतराम ने मंगलवार को बताया कि चिड़ावा मार्ग पर स्थित रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर रात करीब एक बजे सूरजगढ़ की ओर से तेज रफ्तार से आ रही एक कार चालक ने टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही नियंत्रण खो दिया। इससे कार डिवाइडर से टकराती हुई उछलकर टोल की लाइन में चली गई और टोल कर्मचारी उम्मेद मेघवाल, पवन राजपूत, देवेंद्र सहित अन्यों को चपेट में लेते हुए वहां खड़ी बोलेरो से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि सूचना पर मिलने पर जीवन ज्योति रक्षा समिति की एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सूरजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने टोल कर्मचारी उम्मेद मेघवाल (32), को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पवन राजपूत की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल भेज दिया गया। देवेंद्र सहित अन्य घायलों का उपचार सूरजगढ़ में जारी है।

दौलतराम ने बताया हादसे के बाद कार से उतरकर दो युवक मौेके से फरार हो गये। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक उम्मेद मेघवाल का शव सूरजगढ़ सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

इस घटना के बाद मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे रघुनाथपुरा टोल प्लाजा पर मृतक के परिजन और लोग धरने पर बैठ गए और सूरजगढ़-चिड़ावा मार्ग अवरुद्ध कर दिया। सूचना पर सूरजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और धरने पर बैठे लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।