रणथम्भौर में बाघिन द्वारा विशाल मगरमच्छ का शिकार करते देख पर्यटक रोमांचित

0

सवाई माधोपुर। राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य में रविवार को पर्यटक उस समय अत्यंत रोमाँचित हो गए जब उन्होंने एक दुर्लभ घटना के तहत बाघिन टी-111 ‘शक्ति’ को विशाल मगरमच्छ का शिकार करते हुए देखा।

वन विभाग के सूत्रों ने रविवार को बताया कि रविवार सुबह की सफारी के दौरान जोन नंबर चार के जामुन देह क्षेत्र में करीब नौ बजे तालाब के किनारे बाघिन पहले से घात लगाकर बैठी दिखाई दी। इस दौरान जैसे ही एक मगरमच्छ तालाब के किनारे आया तो वह उस पर टूट पड़ी। मगरमच्छ जैसे भारी भरकम वन्यप्राणी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

सूत्रों ने बताया कि दोनों में करीब 10 मिनट तक संघर्ष चला। मगरमच्छ को पानी का सबसे खतरनाक शिकारी माना जाता है, लेकिन यहां जमीन पर वह बाघिन से संघर्ष में वह मारा गया। इसके बाद बाघिन उसे अपने जबड़े में दबोचकर जंगल की ओर ले गई।

पूरा घटनाक्रम तेजी से हुआ और पर्यटक भी बाघिन की फुर्ती देखकर हैरान रह गए। सूत्रों ने बताया कि इस तरह के शिकार को बेहद दुर्लभ माना जाता है क्योंकि आमतौर पर बाघ भारी भरकम मगरमच्छ का शिकार कम ही करते हैं।