रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के नसीराबाद क्षेत्र में 14 वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बीते मंगलवार की शाम बालिका अपने गांव के पास खेत में शौच के लिए गई थी। आरोप है कि उसी दौरान उमेश तथा कुलदीप सिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना नसीराबाद में अपराध से सम्बंधित धाराओं में बीएनएस, पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
इस क्रम में आज पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।


