बारां में अपहरण-फिरौती के दो आरोपियों का सिर मुंडवाकर शहर में घुमाया

0

बारां। राजस्थान में बारां शहर में कांच व्यापारी के अपहरण और फिरौती मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों का गुरुवार को सार्वजनिक जुलूस निकाला।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश चौधरी के नेतृत्व में आरोपी शाहरुख और राहिल का सिर मुंडवाकर उन्हें नंगे पैर शहर के प्रमुख मार्गों से घुमाया गया। इस दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात की तस्दीक कराई। आरोपियों से अपहरण की पूरी घटना का क्रम दोहरवाया गया, जिससे जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा सकें। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक भजनलाल जांगिड़ ने बताया कि आरोपियों ने कुछ दिन पहले शहर के एक कांच व्यापारी का अपहरण करके उससे करीब 14 लाख रुपए की फिरौती वसूली थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था।