अलवर में हाईटेंशन बिजली के तारों की चपेट में आने से दो बालक झुलसे

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को होली मिलन समारोह में दो बालक करंट लगने से झुलस गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अग्रवाल महासभा द्वारा अग्रवाल धर्मशाला में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें समाज के सभी लोग होली मिलन समारोह में डीजे पर चल रहे गानों पर थिरक रहे थे।

उसी दौरान शाम करीब छह बजे प्रियांशु (सात) एवं ऋषि (पांच) वर्ष धर्मशाला के छज्जे में चले गए। जहां वे 11 हजार क्षमता के विद्युत तार के संपर्क में आ गए।

सूत्रों ने बताया कि इससे दोनों झुलसकर अचेत हो गए। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर अवस्था में उन्हें अलवर भेज दिया गया। अलवर में दोनों का उपचार किया जा रहा है।