अजमेर में नेपाल के दो अंतरराष्ट्रीय तस्कर अरेस्ट, एक करोड़ की चरस बरामद

0

अजमेर। राजस्थान आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) ने नशे के सौदागरों के विरुद्ध एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई को अंजाम देते हुए नेपाल के दो कुख्यात तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब एक करोड़ रुपए कीमत की चरस बरामद की है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एटीएस, एजीटीएफ और एएनटीएफ) दिनेश एमएन के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की गई, जिसमें नशे की खेप लेकर पुष्कर में आपूर्ति करने आने की सूचना पर सोशल मीडिया शाखा प्रभारी निशा चांवरिया और अजमेर एटीएस के एएसआई मोहम्मद रफीक की टीम ने संदिग्धों पर तकनीकी निगरानी रखी और रातभर उनका पीछा किया।

तस्करों की लोकेशन ट्रैक करते हुए एटीएस ने अजमेर जिला पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर जैसे ही तस्कर डिलीवरी देने के लिए घूघरा घाटी में एमडीएस यूनिवर्सिटी के पास पहुंचे, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा।

पकड़े गये तस्करों की पहचान खेमकुमार (40) निवासी मंगलापुर जिला रूपनदेही, नेपाल और अजय राना (32) निवासी जिला पाल्पा, नेपाल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह माल नेपाल से लेकर आये थे।

उन्होंने पहले दिल्ली में एक खेप डिलीवर की और फिर बाकी माल पुष्कर में आपूर्ति करने आए थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में भी महाराष्ट्र और देश के अन्य राज्यों में चरस की आपूर्ति कर चुके हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।