अजमेर में अग्रवाल सेवा संस्था का दीपावली स्नेह मिलन, वरिष्ठजनों का सम्मान

0

75 वर्ष से अधिक आयु के चेतनराज सर्राफ और विष्णुकांत गर्ग का अभिनंदन
श्रीश्याम भजनों पर झूमे समाजबंधु; अमृत महोत्सव के तहत होंगे सेवा कार्य
अजमेर। श्री अग्रवाल सेवा संस्था, अजमेर की ओर से शुक्रवार को गंज स्थित जनकपुरी में दीपावली स्नेह मिलन एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में सामाजिक एकता, पारिवारिक आत्मीयता और वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान की परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान और श्रीश्याम भजन संध्या रही। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों पर समाजबंधु और मातृशक्ति देर तक भक्ति के रंग में सराबोर होकर झूमते रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गिरधारी लाल मंगल एवं उनकी पत्नी कमलेश मंगल, संस्था संरक्षक प्रदीप बंसल, अध्यक्ष अजेयपाल चौधरी और सचिव संदीप बंसल सहित पदाधिकारियों ने भगवान श्री अग्रसेन महाराज, गणेशजी, बालाजी महाराज और खाटू श्याम बाबा के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण और दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया।

संस्था अध्यक्ष अजेयपाल चौधरी ने स्वागत उद्बोधन में संस्था की सामाजिक एवं जनसेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और सेवा भावना को मजबूत करना है। मुख्य अतिथि गिरधारी लाल मंगल ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकजुटता और सेवा भावना में होती है। वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

संस्था सचिव संदीप बंसल ने संस्था के गौरवशाली 75 वर्षों के इतिहास, उपलब्धियों और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संस्था अपने 75वें स्थापना वर्ष को अमृत महोत्सव के रूप में मनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इस दौरान सामाजिक सरोकारों, जनसेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि संस्था की कार्यकारिणी ने पूर्व में ही अमृत महोत्सव के तहत सालभर सेवा गतिविधियां आयोजित करने की रूपरेखा तय की थी।

वरिष्ठजनों का शॉल और श्रीफल भेंटकर अभिनंदन

कार्यक्रम संयोजक राकेश टकसाली एवं राजेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि समारोह में 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्य चेतनराज सर्राफ और विष्णुकांत गर्ग का विशेष सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि एवं संस्था पदाधिकारियों ने दोनों वरिष्ठजनों का माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर और श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया।

आयोजकों ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद समाज की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। संस्था का प्रयास है कि वरिष्ठ सदस्यों के प्रति आदर और कृतज्ञता की भावना को व्यवहार में भी स्थान मिले। कुछ वरिष्ठ सदस्य अस्वस्थता और कुछ अजमेर से बाहर होने के कारण समारोह में शामिल नहीं हो सके।

श्रीश्याम भजनों ने बांधा समां, भक्तिरस में झूमे समाजबंधु

कार्यक्रम संयोजक कमलेश सिंघल एवं अनिल गर्ग ने बताया कि समारोह में लता तायल एंड पार्टी, अजमेर ने भक्ति संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। गणेश वंदना से शुरू हुई भजन संध्या में बाबा खाटू श्याम, बालाजी महाराज और राणी सती दादी के भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

कीर्तन की है रात बाबा, आज थाने आनो है, जगन्नाथ चक्का नैन, निलांचल वारे, दादी ओढ़ ले थारा बेटा ल्याया चुंदड़ी, दीनानाथ मेरी बात, छानी कोनी तेरे से, करके इशारो बताये गई रे और बरसाने की छोरी जैसे भजनों की प्रस्तुतियों पर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भजनों की धुन पर समाजबंधु और मातृशक्ति ने नृत्य कर अपनी खुशी जाहिर की।

अग्रवाल समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और पार्षदों का स्वागत

समारोह में अजमेर की विभिन्न अग्रवाल संस्थाओं के अध्यक्ष, सचिव, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। संस्था की ओर से उपस्थित प्रमुख समाजबंधुओं एवं मातृशक्ति का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर निगम चुनाव में निर्वाचित अग्रवाल समाज के तीन पार्षदों विनोद डीडवानिया, सतीश बंसल और तरुणा गोयल का भी सम्मान किया गया।

समारोह में संजय अत्तार, घनश्याम चौधरी, राजेंद्र गर्ग, संजय कंदोई, अनिल अग्रवाल, संदीप गोयल, गोपाल गोयल, अनिल बाड़मेरी, दीपक ऐरन, एसएन मोदी, प्रवीण अग्रवाल, सतीश बंसल, अजय अग्रवाल, राजेंद्र मंगल, अनुपम गोयल, रेनू मित्तल, अंशु बंसल, मोनिका डीडवानिया, सुनीता गुप्ता, प्रिया मंगल, लेखा गर्ग, संतोष बंसल और सुषमा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

संस्था संरक्षक प्रदीप बंसल, अध्यक्ष अजेयपाल चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट गणेशीलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष अशोक गर्ग, सचिव संदीप बंसल, कोषाध्यक्ष सुरेश गोयल, उपसचिव राकेश अग्रवाल टकसाली, प्रचार मंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल सहित कार्यकारिणी के सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई।

समारोह का संचालन प्रचार सचिव शैलेन्द्र अग्रवाल ने किया। अंत में सचिव संदीप बंसल ने अतिथियों, वरिष्ठजनों, समाजबंधुओं, मातृशक्ति और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ समारोह का समापन हुआ।