कोरिया। छत्तीसगढ़ प्रदेश के कोरिया जिले में रेत कारोबार से जुड़े विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां सोनहत तहसील क्षेत्र के ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जलकर मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। जब भरत सिंह गहरवार अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन से नवगई गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर एक टिपर वाहन से फॉर्च्यूनर को कई बार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
बताया गया है कि टक्कर के कारण वाहन के दरवाजे जाम हो गए थे। वाहन में सवार लोग शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, तभी आरोपियों द्वारा उनके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है। इस घटना में भाजपा नेता गहरवार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि फॉर्च्यूनर में सवार तीन अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रात में ही घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले में मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी भी भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक भरत सिंह और आरोपी मनोज त्रिपाठी के बीच रेत कारोबार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सूत्रों के अनुसार कल दोपहर भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



