बटाला। पंजाब के बटाला में श्री हरगोबिंदपुर उपमंडल के भोमा गांव में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने टहल रहे तीन लोगों पर गोलीबारी की, जिसमें दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बटाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेहताब सिंह ने बताया कि अचानक हुए इस हमले में कश्मीर सिंह और जुगराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। ये दोनों गुरदासपुर के श्री हरगोबिंदपुर उपमंडल के भोमा गांव के रहने वाले थे। इनमें जुगराज सिंह कबड्डी खिलाड़ी था। कश्मीर सिंह पूर्व सरपंच वस्सा सिंह का पुत्र था और जमींदारी करता था। इन दोनों के सिर में गोलियां लगी हैं, जबकि एक अन्य जुगराज सिंह घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में इस मामले में किसी भी तरह की फिरौती या धमकी का एंगल सामने नहीं आया है।
एसएसपी ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस टीमें आरोपियों की पहचान में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारी ने कहा कि हमारी टीमें लगातार काम कर रही हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है।
कश्मीर सिंह और जुगराज सिंह अपने साथी जुगराज सिंह के साथ टहलने निकले थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे, छह अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दौरान दो दर्जन से अधिक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दीं। मौके पर जाकर देखा तो तीनों लोग खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। इसके बाद इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और दोषियों तक पहुंचने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।



