विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले के परवाड़ा फार्मा सिटी स्थित दक्षिण एनर्जी के प्लास्टिक पाइरोलिसिस तेल संयंत्र में भीषण आग लगने से दो श्रमिकों की जलकर मौत हो गई है। मृतकों की पहचान वेपदा वेंकटेश और त्रिनाथ के रूप में हुई है। दोनों लगभग 26 वर्ष के थे और अचुतापुरम के रहने वाले थे।
प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक फार्मा सिटी के पास जेएनबीसी औद्योगिक पार्क की कंपनी में प्लास्टिक कचरे को तेल में रीसायकल करने के लिए इस्तेमाल होने वाले टैंक में धमाके से आग लगी। आग तेजी से संयत्र में फैल गई, जिससे श्रमिक अंदर फंस गए। घटना की जानकारी मिलने पर अग्निशमन विभाग और आपातकालीन सेवा के लोग मौके पर पहुंचे और काफी देर बाद आग पर काबू पाने में कामयाबी मिली।
पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। धमाके और आग लगने की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
आंध्र प्रदेश की गृहमंत्री वंगालपुडी अनीता ने इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने अनकापल्ली जिला कलेक्टर विजया कृष्णन और पुलिस अधीक्षक तुहिन सिन्हा से हालात का जायजा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को राहत काम में तेजी लाने का निर्देश देते हुए पीड़ितों के परिवारों को हरसंभव मदद का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ऐसे हादसों को दोबारा होने से रोकने के लिए कदम उठाएगी।



