हनुमानगढ़ में कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत

0

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला थाना क्षेत्र में सोमवार रात कार की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पृथ्वीसिंह (29) और राजीवसिंह (27) मोटरसाइकिल पर गोलूवाला से रात करीब नौ बजे अपने गांव जा रहे थे। गोलूवाला- कैचियां मार्ग पर फतेहसिंह वाली ढाणी के पास विपरीत दिशा से आ रही कार की टक्कर लगने से दोनों बुरी तरह से जख्मी हो गए।

पुलिस ने बताया कि दोनों को गोलूवाला के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। जहां राजीवसिंह की मौत हो गई जबकि पृथ्वीसिंह की हालत गंभीर होने पर उसे श्रीगंगानगर के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां देर रात उसने भी दम तोड़ दिया। कार चालक के विरुद्ध लापरवाही से वाहने चलाने का मामला दर्ज किया गया है। शव आज पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।

चौपहिया वाहन के लिए नई सीरीज सीएच एवं यूई शुरू

हनुमानगढ़ में वाहनों के आकर्षक पंजीयन नंबरों की बढ़ती मांग को देखते हुए हनुमानगढ़ जिला परिवहन कार्यालय (आरजे 31) ने नयी सीरीज शुरू की है।जिला परिवहन अधिकारी नरेश पूनिया ने मंगलवार को बताया कि पांच सीट तक के चौपहिया वाहनों के लिए चतुर्थ अग्रिम सीरीज सीएच और पांच से अधिक सीट क्षमता वाले चौपहिया वाहनों के लिए चतुर्थ अग्रिम सीरीज यूई खोली गई है।

उन्होंने बताया कि जिला परिवहन अधिकारी नरेश पूनिया ने मंगलवार को बताया कि इन दोनों सीरीज में 0001 से 9999 तक के पंजीयन नंबर उपलब्ध रहेंगे। इच्छुक आवेदक निर्धारित शुल्क जमा करवाकर अपनी पसंद का ऐच्छिक नंबर प्राप्त कर सकता है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल के बाद ऑनलाइन माध्यम से शुरू होगी।

पूनिया ने बताया कि आवेदन करने के लिए परिवहन विभाग के पोर्टल पर जाकर पसंद के नंबर के लिए आवेदन किया जा सकता है। विभाग ने अधिक से अधिक आवेदकों से ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से पारदर्शी तरीके से पंजीयन नंबर आवंटन का लाभ उठाने का अनुरोध किया है।