कोटपूतली बहरोड़ में ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत

0

अलवर। राजस्थान में कोटपूतली बहरोड़ जिले के बानसूर थाना क्षेत्र में कोटपूतली मार्ग पर शनिवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हाे गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर गांव के दीपक मेघवाल और सबलपुरा गांव के नवदीप यादव मोटर साइकिल से कोटपूतली से अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब पांच बजे बानसूर-कोटपूतली मार्ग पर नई सड़क के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर से वे टकरा गए। इससे दीपक मेघवाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नवदीप यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल नवदीप यादव को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटपूतली जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे जयपुर के लिए रवाना किया, लेकिन जयपुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में नवदीप ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।