बस्तर में प्रेमिका को रंग लगाने के शक में दो युवकों की हत्या, चार अरेस्ट

0

बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला में नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम कचना में शनिवार की देर रात दो युवकों की हत्या कर दी गई है।

इस सिलसिले में पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि यह हत्या एक गलतफहमी के हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपियों को शक था कि उनकी प्रेमिका को ये युवक रंग लगाने वाले हैं।

नगरनार थाना प्रभारी संतोष सिंह ने वार्ता को बताया कि मृतकों की पहचान रोहित और मोहित के रूप में हुई है, जो पास के ही गांव के निवासी हैं और होली के अवसर पर आयोजित मेला देखने आए थे।

घटना उस समय हुई जब रोहित अपने दोस्त मोहित को रंग लगाने के लिए आगे बढ़ा। इसी दौरान पास में खड़े कुछ युवकों को लगा कि वे उनमें से एक की प्रेमिका को रंग लगाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी संदेह के चलते दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।

पुलिस के अनुसार इस विवाद में नाबालिग सहित चार आरोपियों ने रोहित और मोहित पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों युवकों को कमर के ऊपरी हिस्से और जांघ के आसपास गंभीर चोटें आईं, जिससे उनका काफी खून बह गया।

देर रात हुए इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा है।

सिंह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस मामले की विवेचना जारी है।