बीकानेर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार को राजस्थान में बीकानेर में जिला मुख्यालय पर आयोजित विशाल साइकिल रैली में केंद्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल साइकिल चलाकर भागीदारी की।
मेघवाल ने मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट अभियान के तहत आयोजित विशेष कार्यक्रम में खुद साइकिल चलाकर चुस्ती और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मेघवाल ने विशाल साइकिल रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली गंगा थिएटर से आरंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः गंगा थिएटर पहुंची। रैली के माध्यम से फिट इंडिया, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट अभियान के संयोजक बस्तीराम बिश्नोई द्वारा साइकिल जन्मदिन समारोह के आयोजन से हुई। इस अवसर पर मेघवाल ने केक काटकर इस अनूठी पहल की सराहना की और इसे स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला अभिनव प्रयास बताया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक है। नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम होता है और मानसिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होता है।
मेघवाल ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और ईंधन खपत की चुनौतियों के बीच साइकिल पर्यावरण के अनुकूल सबसे बेहतर परिवहन साधनों में से एक है। अधिक से अधिक लोग अपने दैनिक जीवन में साइकिल का उपयोग करें तो प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट के नियमित उपयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने मेरी साइकिल-मेरा हेलमेट अभियान को जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसके लिए आयोजकों को बधाई दी।



