सरदार पटेल का जीवन हमें सिखाता है कि एकता ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है : भागीरथ चौधरी

पुष्कर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा है कि भारत की एकता और अखंडता की नींव रखने में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अद्वितीय है।

चौधरी शनिवार को पुष्कर के गायत्री शक्तिपीठ गर्ल्स कॉलेज में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय एकता पदयात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, अटूट संकल्प और अद्भुत संगठन क्षमता से देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोते हुए एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के सपने को साकार किया। सरदार पटेल की दूरदृष्टि, राष्ट्रभावना और प्रशासनिक क्षमता अब भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें सिखाता है कि एकता ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है। आज की यह एकता पदयात्रा उसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। युवाओं, छात्राओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की ऊर्जा और उत्साह देखकर स्पष्ट है कि अजमेर जिला राष्ट्रीय एकता की भावना को पूरे जोश के साथ आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्थापित एक भारत, श्रेष्ठ भारत और आत्मनिर्भर भारत अभियानों की जड़ें भी सरदार पटेल की सोच में ही निहित हैं। देश के युवा जब एकता, अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ते हैं, तो भारत को दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर भागीरथ चौधरी ने कॉलेज प्रबंधन, छात्राओं, युवा साथियों, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वयंसेवी संगठनों और भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।